कैनो चैंपियनशिप 2025 में भारत का पूजा गर्ग ने प्रतिनिधित्व करते हुए वीएल-2 वर्ग की 200 मीटर और 500 मीटर स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक जीतकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन

थाईलैंड ( पटाया) भारत की अंतरराष्ट्रीय पैरा कैनोइस्ट और इंदौर की पूजा गर्ग ने थाईलैंड के पटाया में आयोजित एशियन पैरा कैनो चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वीएल-2 वर्ग की 200 मीटर और 500 मीटर स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक जीतकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत साहस, संकल्प और कठिन परिश्रम का प्रतिफल है, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण भी है। पूजा गर्ग अब उन चुनिंदा पैरा महिला खिलाड़ियों में शामिल हो चुकी हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेलों में दोहरी सफलता हासिल कर यह सिद्ध किया है कि नारी शक्ति सीमाओं से परे है। इस अद्वितीय सफलता के पीछे एक समर्पित टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसमें मुख्य कोच मयंक ठाकुर, सहायक कोच अनिल राठी और रिंकू सिंह, महिला टीम मैनेजर ननाओ देवी, और स्पोर्ट्स फिजियो डॉ. आशीष धनायक एवं डॉ. ईशा जोशी शामिल हैं। भारतीय कैनोइंग और कायकिंग महासंघ के अध्यक्ष श्री प्रशांत कुशवाह, मप्र संघ के अध्यक्ष पीएस बुंदेला और पूरी भारतीय टीम ने पूजा को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और उन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। पूजा की यह विजय उन लाखों बेटियों के लिए एक संदेश है कि चाहे परिस्थितियाँ कितनी भी कठिन क्यों न हों, अगर हौसले बुलंद हों तो हर सपना साकार हो सकता है।
मीडिया :गौरव अग्रवाल