समाज को संगठित करने का माध्यम बनेगी गौतम दर्पण -  न्यायमूर्ति श्यामसुंदर द्विवेदी

समाज को संगठित करने का माध्यम बनेगी गौतम दर्पण -  न्यायमूर्ति  श्यामसुंदर द्विवेदी
समाज को संगठित करने का माध्यम बनेगी गौतम दर्पण -  न्यायमूर्ति  श्यामसुंदर द्विवेदी

श्री गुर्जर गौड ब्राह्मण समाज की मासिक पत्रिका गौतम दर्पण का विमोचन, बड़ी संख्या में उपस्थित हुए समाजजन

इंदौर। सामाजिक मासिक पत्रिका गौतम दर्पण के माध्यम से गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज की देशभर की गतिविधियों से हम अवगत होंगे। हमें पूर्ण विश्वास है कि यह पत्रिका  समाज को और अधिक संगठित करने में महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। हम सब इस प्रयास में गौतम दर्पण परिवार के साथ है।  यह विचार मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति श्री श्यामसुंदर द्विवेदी  ने शनिवार को इंदौर प्रेस क्लब के राजेंद्र मोहन माथुर सभागृह में व्यक्त किए। वे मासिक पत्रिका गौतम दर्पण के विमोचन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने पत्रिका गौतम दर्पण को एक अनूठा प्रयास बताते हए समाज को जोडऩे वाला और प्रेरक कदम बताया।
शिक्षाविद  के.सी. शर्मा  ने अपने उद्बोधन में कहा कि पत्र-पत्रिका समाज का आधार होते हैं। यह समाज को नई आवाज और नई दृष्टि देते हैं। इससे समाज को सकारात्मकता मिलती है। इस तरह की पत्रिकाएं नए आयाम पैदा करने का माध्यम भी होती है। इससे समाज सेवा का मार्ग भी प्रशस्त होता है। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का काम भी इसके माध्यम से किया जा सकता है। किसी भी समाज में पत्रिका जागरूकता लाती है और समाज को जागरूक भी बनाती है। श्री शर्मा ने मासिक पत्रिका गौतम दर्पण की टीम को बधाई दी। कहा कि मासिक पत्रिका गौतम दर्पण का प्रकाशन बिना किसी भेदभाव व पारदर्शिता के साथ होगा यही आशा है। यह नए कीर्तिमान हासिल करेगी। गौतम दर्पण वृट वक्ष बने और पूरे देश में इसकी ख्याति हो।
श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण नगर सभा इंदौर के अध्यक्ष  वीरेंद्र व्यास ने कहा कि गौतम दर्पण की प्रबंधन टीम  जो संकल्प लेती है उसे पूरा करती है। गौतम दर्पण को लेकर भी जो तैयारी टीम ने की है उसे वह बखूबी पूरा करेगीे। एक समय बाद गौतम दर्पण की मांग संपूर्ण देश में होगी। पूरा समाज पत्रिका की प्रबंधन टीम के साथ है।
पत्रिका के प्रधान संपादक अरविंद तिवारी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि हमारे लिए यह वास्तव में गौरव का क्षण है। हमारे आराध्य, न्याय शास्त्र के प्रणेता महर्षि गौतम की प्रेरणा और पूज्य माता-पिता के आशीर्वाद से यह शुभ प्रसंग आया है और आप सबके सहयोग से हम इसे क्रियान्वित करने में सफल रहे हैं। गौतम दर्पण पत्रिका का पहला अंक आपके हाथों में है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि जिस तरह इंदौर के गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज के पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान है, उसी तरह गौतम दर्पण पत्रिका भी देश के सामाजिक मानचित्र पर अपनी एक अलग पहचान बनाने में कामयाब होगी।
हर काम की शुरुआत का एक वक्त और योग होता है और कुछ ऐसा ही इस समय हुआ और उसी का नतीजा है कि गौतम दर्पण का आज लोकार्पित होना। यह एक मासिक पत्रिका है, जो न्यूज लेटर के स्वरूप में होगी। हर महीने की 15 तारीख के पहले गौतम दर्पण का अंक आपके हाथ में रहेगा। यह पत्रिका के सारे पृष्ठ रंगीन रहेंगे। अभी यह 16 पृष्ठ की रहेगी, लेकिन जैसे-जैसे सामाजिक संवाददाताओं का हमारा नेटवर्क मजबूत होता जाएगा, हम इसकी पृष्ठ संख्या बढ़ाते जाएंगे।
पत्रिका विमोचन के पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि गौतम एवं स्व. गीता तिवारी व स्व. ओंकारेश्वर तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ ही हुई। मंच पर पूर्व न्यायाधीश डॉक्टर के सी शर्मा,गौतम आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री विष्णुप्रसाद व्यास, शैक्षणिक न्यास के अध्यक्ष श्री जगदीश उपाध्याय, नगर महिला सभा की अध्यक्ष श्रीमती करुणा शर्मा भी मौजूद थे।  
अतिथियों का स्वागत गौतम दर्पण के प्रधान संपादक अरविंद तिवारी,  अंजना तिवारी,  अरूण तिवारी,  कमलेश तिवारी (प्रधानमंत्री नगर सभा),  विवेक व्यास, श्रीमती रश्मि तिवारी, श्रीमती अरूणा तिवारी,  महेश शर्मा,  सतीश व्यास,  प्रदीप उपाध्याय,  धर्मेंद्र उपाध्याय,  मनोज शर्मा,  राघवेंद्र त्रिपाठी,  मनोज शर्मा, श्रीमती रंगिमा जोशी आदि ने किया। संचालन  प्रदीप जोशी ने किया। आभार अनुष्का तिवारी ने माना।
 वरिष्ठ शिक्षाविद प्रो. जे.सी. उपाध्याय, समाज के वरिष्ठ प्रभुलाल शर्मा, घनश्याम शर्मा, केदार त्रिपाठी, नन्दकुमार तिवारी, मनोहर उपाध्याय, आशीष जोशी, अशोक व्यास, बसंत शर्मा, घनश्याम शास्त्री, दिनेश शास्त्री (मेवाड़ा), किरण शर्मा, शोभा शर्मा, मनोरमा पंचोली,शीतल शर्मा, विवेक व्यास, पुरुषोत्तम शर्मा, अखिल दुबे, सुनिता व्यास, नरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन  उपस्थित थे। सभी को गौतम दर्पण का प्रथम अंक भी वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।